कत्यूर महोत्सव 2025 की स्टार नाइट में झूम उठा गरुड़ – बैजनाथ मंदिर पर लेजर शो और भजन संध्या ने बांधा समां,

Bhagwat Negi Mhmd News Garur
गरुड़ (बागेश्वर), 14 अप्रैल 2025
कत्यूर महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित की गई स्टार नाइट कार्यक्रम में गरुड़ क्षेत्र एक सांस्कृतिक संगम स्थल बन गया। बैजनाथ मंदिर प्रांगण में वन विभाग द्वारा नमामि गंगे योजना के अंतर्गत एक भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक वैभव को दर्शाने का अद्भुत प्रयास किया गया।

इस खास अवसर पर एक शानदार लेजर शो का आयोजन हुआ, जिसमें बैजनाथ मंदिर का ऐतिहासिक महत्व और कत्यूरी राजाओं की गौरवगाथा को रोशनी और ध्वनि के माध्यम से जीवंत किया गया। इस दृश्यावली को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए और कई दर्शकों की आंखों में आभार और गर्व के आंसू छलक आए।

लेजर शो के उपरांत भजन संध्या का आयोजन महोत्सव मैदान में किया गया। अलंकार संगीत मंडली ने अपने सुमधुर भजनों से श्रोताओं को आध्यात्मिक भावनाओं में सराबोर कर दिया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक जीवंत कर दिया।
रात्रि की प्रमुख आकर्षण रही स्टार नाइट, जिसमें प्रसिद्ध लोक कलाकारों – ललित मोहन जोशी, कमला देवी, दीक्षा ढोंडियाल, गोविंद गोस्वामी और लच्छू पहाड़ी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर महोत्सव को एक नई ऊंचाई दी। उनके सुरों और प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक थिरकते और झूमते रहे।

स्टार नाइट में भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने पहुंचे गणमान्य अतिथियों में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक ललित फर्स्वाण, प्रकाश कोहली, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार समेत कई प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।
आज 14 अप्रैल की स्टार नाइट में भी सांस्कृतिक रंग बिखरेंगे। आज के कार्यक्रम में मशहूर लोकगायिका माया उपाध्याय, ऊर्जा से भरपूर कलाकार जितेंद्र टोमक्याल, युवा दिलों की धड़कन कुंदन कोरंगा और लोकगायक गोविंद गोस्वामी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहने वाले हैं।
कत्यूर महोत्सव 2025 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की कला, संस्कृति, इतिहास और परंपराओं का जीवंत चित्रण बनकर उभरा है। आयोजकों, कलाकारों और स्थानीय जनता की भागीदारी ने इस महोत्सव को एक यादगार उत्सव बना दिया है।