कत्यूर महोत्सव 13 से 15 अप्रैल तक, सीएम धामी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन — दीपोत्सव, लेजर शो और स्टार नाइट से सजेगा बैजनाथ

रिपोर्ट: अखिल आजाद जोशी | मेरा हक मेरा देश न्यूज़
उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बागेश्वर जनपद की कत्यूर घाटी में 13 से 15 अप्रैल तक भव्य कत्यूर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक पर्व का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से करेंगे, जिससे इस आयोजन को राज्यस्तरीय पहचान भी प्राप्त होगी।
महोत्सव की शुरुआत 13 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ से बैजनाथ मंदिर तक भव्य झांकी के साथ होगी। इस शोभायात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं और स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिलेगी। पारंपरिक परिधानों और लोक वाद्यों के साथ निकलने वाली यह झांकी उत्तराखंडी संस्कृति और लोक परंपराओं की अनुपम छटा बिखेरेगी।
13 अप्रैल की शाम को बैजनाथ मंदिर परिसर दीपों की रौशनी से जगमगा उठेगा, जहां वन विभाग की ओर से दीपोत्सव और भव्य लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। लेजर शो में कत्यूर घाटी की ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक झलकियों को तकनीकी माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद महोत्सव का मुख्य आकर्षण — स्टार नाइट आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक फौजी ललित मोहन जोशी और लोकगायिका माया उपाध्याय अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां देंगे। इनके सुरों से समूचा वातावरण लोक संस्कृति में रंग जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, पारंपरिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक महोत्सव में पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि कत्यूर महोत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है, जिसे संजोना हम सबका सामूहिक दायित्व है।
कत्यूर महोत्सव 13 से 15 अप्रैल तक पूरे उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक समर्पण के साथ मनाया जाएगा। यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है जो लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।