ब्रेकिंग न्यूज

Bhagwat Negi Mh News Garur

बागेश्वर, 06 मार्च 2025 – भारतीय सेना के वीर सपूत एवं सेवानिवृत्त हवलदार जगत सिंह (17 कुमाऊं) का आज आकस्मिक निधन हो गया। स्वर्गीय जगत सिंह जनपद बागेश्वर के ग्राम पाटली बजवाड़, पोस्ट गरुड़ के निवासी थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

आज सरयू गोमती घाट, बागेश्वर में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उत्तराखंड पूर्व सैनिक संगठन, जनपद बागेश्वर के पदाधिकारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और अंतिम सलामी दी। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भूपेश दफौटी, उपाध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, महासचिव रमेश भंडारी, सहसचिव चरन सिंह, हरक सिंह बजेठा, रघुबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

परिवार के लिए यह क्षण और भी भावनात्मक रहा क्योंकि मात्र दो दिन पूर्व ही स्व. जगत सिंह ने अपनी बेटी को ससुराल विदा किया था। बेटी की शादी की खुशियों के बाद इस अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

स्व. जगत सिंह ने अपने सेवाकाल में देश की सेवा में अमूल्य योगदान दिया और सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। उनका सरल स्वभाव और समाज सेवा के प्रति समर्पण उन्हें सभी के बीच प्रिय बनाता था।

उनके निधन पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और पूर्व सैनिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Loading

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.